हरियाणा भाजपा निकालेगी पांच यात्राएं , राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा का जवाब ट्रैक्टर से ही देगी

ज्योतिकण (डेस्क)    कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा का जवाब भाजपा ट्रैक्टर यात्राओं से ही देगी। इसके लिए भाजपा ने पांच प्रमुख लोकसभा क्षेत्रों में ट्रैक्टर यात्राएं निकालने का खाका तैयार किया है। भाजपा कार्यकर्ता राहुल गांधी के पंजाब और हरियाणा दौरे से पहले किसानों को कृषि कानूनों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ट्रैक्टर यात्राएं निकाल रहे थे, तब पार्टी ने इनमें पूरी ताकत नहीं झोंकी थी। भाजपा का उद्देश्य किसानों को जागरूक करने का था, मगर राहुल गांधी के पंजाब व हरियाणा में घूमने के बाद भाजपा ने ट्रैक्टर यात्रा में पूरी जान लगा दी है।

 

तीन कृषि कानूनों की जानकारी देने को सांसदों की लगाई गई ड्यूटी

 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल से चर्चा करने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने ट्रैक्टर यात्राओं के कार्यक्रम को अंतिम रूप प्रदान किया है। इन ट्रैक्टर यात्राओं का नेतृत्व भाजपा सांसद और राज्यसभा सदस्य करेंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत, कृष्णपाल गुर्जर और रतनलाल कटारिया किसानों को जागरूक बनाने में जुटे हैं। प्रदेश के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, कृषि मंत्री जेपी दलाल, सांसद धर्मबीर, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व मंत्री विपुल गोयल और पूर्व मंत्री कविता जैन व राजीव जैन ने भी किसानों को जागरूक बनाने का बीड़ा उठा रखा है।

 

कई जिलों में हो चुके कार्यक्रम, जिनमें बाकी उनमें आज से घुमेगा ट्रैक्टर

 

राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा हरियाणा में कुरुक्षेत्र जिले तक सीमित रही, मगर पंजाब में ट्रैक्टर यात्रा ने किसानों के बीच खासा माहौल बनाया है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का मानना है कि यह दोनों राज्य ऐसे हैं, जहां कांग्रेस के उठाए सवालों का जवाब देना बेहद जरूरी है। इसके लिए सभी मंत्रियों, सांसदों और विधायकों से लोगों खासकर किसानों के बीच जाकर उन्हें कृषि कानूनों के फायदे बताने के निर्देश दिए गए हैं। भाजपा शुक्रवार को भिवानी, सोनीपत और हिसार में ट्रैक्टर यात्राएं निकाल रही है, जिनका नेतृत्व संबंधित सांसद करेंगे। इनमें राज्यसभा सदस्य भी शामिल होंगे।

सोनीपत संसदीय क्षेत्र की भाजपा की ट्रैक्टर यात्रा काफी अहम है। बरोदा विधानसभा सीट सोनीपत जिले में ही पड़ती है। यहां 3 नवंबर को चुनाव है और 10 नवंबर को नतीजे आने हैं। भाजपा इस सीट को किसी भी सूरत में जीतना चाहती है। भाजपा की सोनीपत संसदीय क्षेत्र की इस ट्रैक्टर यात्रा का प्रमुख केंद्र जाट बाहुल्य गोहाना होगा। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नजदीकी विधायक जगबीर मलिक प्रतिनिधित्व करते हैं।

हुड्डा के गढ़ में रहेगा भाजपा की ट्रैक्टर यात्रा का फोकस

 

हुड्डा अक्सर गोहाना में रैलियां करते रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले तमाम ट्रैक्टरों को गोहाना में जमा कर न केवल हुड्डा को उनके गढ़ में चुनौती दी है, बल्कि बरोदा के लिए माहौल बनाने का प्रयास भी किया है। दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी गोहाना में आ सकते हैं।

हुड्डा के गढ़ माने जाने वाले रोहतक संसदीय क्षेत्र की भाजपा की ट्रैक्टर यात्रा 10 अक्टूबर यानी शनिवार को होगी, जिसका नेतृत्व सांसद डा. अरविंद शर्मा और पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर करेंगे। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के कैथल में ट्रैक्टर यात्रा 12 अक्टूबर को तथा अंबाला संसदीय क्षेत्र के यमुनानगर में 11 अक्टूबर को रखी गई है।

 

मंडियों में अनाज बेचने आने वाले किसानों का भरोसा जीतेगी भाजपा

 

मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने बताया कि सभी जिलों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिन जिलों में कार्यक्रम हो चुके हैं, वहां भी कार्यकर्ताओं से कांग्रेस के दुष्प्रचार का जवाब देने को कहा गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ स्वयं किसानों के बीच जाकर कांग्रेस के दुष्प्रचार का जवाब दे रहे हैं। मंडियों में फसल लेकर आने वाले किसानों को भी भाजपा कार्यकर्ता जागरूक करने का काम करेंगे।

× Chat with Us!