कर्फ्यू में दो घंटे की छूट:सब्जी दूध के लिए दो घंटे बाहर निकल सकते है, सुबह 8 से 10 बजे तक छूट
(अम्बाला ज्योतिकण ) जोधपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जारी कर्फ्यू में 6 मई शुक्रवार को प्रातः 8 बजे से प्रातः 10 बजे तक दो घंटे के लिए छूट प्रदान की गई है। पुलिस उपायुक्त कार्यपालक मजिस्ट्रेट मुख्यालय एवं यातायात राजकुमार चौधरी द्वारा जारी आदेश में बताया है कि छूट अवधि के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर 5 या 5 से अधिक व्यक्ति एकत्रित नहीं होंगे। छूट अवधि के दौरान फल, सब्जी, डेयरी व किराना की दुकानों को छोड़कर अन्य समस्त प्रकार की दुकाने बंद रहेंगी। छूट अवधि में समस्त प्रकार के वाहनों का आवागमन वर्जित रहेगा। कर्फ्यूग्रस्त क्षेत्र के समस्त व्यक्तियों को छूट अवधि समाप्त होने से पहले ही अपने-अपने घरों में पहुंचना होगा। छूट के दौरान कोई भी व्यक्ति वै़ध, अवैध अस्त्र-शस्त्र लेकर घरों से बाहर नहीं निकलेंगे। यह आदेश 6 मई के लिए ही मान्य होंगे।
23 मामले दर्ज
पुलिस कमिश्नर नवज्योति गोगई ने बताया कि अब तक 23 मामले इस घटना को लेकर दर्ज हो चुके हैं। इनमें 4 पुलिस ने अपनी तरफ से दर्ज करवाए हैं, जबकि 19 मामले अन्य लोगों ने दर्ज करवाए हैं। अभी कोई भी आकर अपनी एफआईआर दे सकता है। कमिश्नर ने बताया कि धारा 151 में अब तक 201 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें बहुत बड़ी संख्या में जमानते भी हुई हैं, जबकि 20 लोगों की पुलिस की रिपोर्ट पर नामजद गिरफ्तारी हुई है। आज उनका दस दिन का रिमांड लिया गया है।
सोजती गेट से जालोरी गेट तक फ्लेग मार्च निकाला गया शहर में आम जन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने, कानून एवं व्यवस्था की सुदृढ़ता के प्रति विश्वास में अभिवृद्धि और सामाजिक सौहार्द एवं शान्ति का पैगाम देने के लिए गुरुवार शाम सोजती गेट से जालोरी गेट तक फ्लेग मार्च निकाला गया। इसमें जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी सुरक्षा बल एवं पुलिस के जवानों के साथ शामिल हुए।
यह फ्लेग मार्च जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता एवं पुलिस आयुक्त नवज्योति गोगाई की अगुवाई में निकला। इसमें पुलिस उपायुक्त भुवन भूषण यादव एवं वन्दिता राणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक सुराणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेन्द्र डांगा, उपखण्ड अधिकारी सुरेन्द्र राजपुरोहित, अपूर्वा परवाल एवं बजरंग सिंह तथा अन्य अधिकारीगण, आरएएफ, आरएसी, पुलिस के जवान आदि सम्मिलित हुए। सोजती गेट से शुरू हुआ फ्लेग मार्च सिलावटों का बास, कबूतरों का चौक, नरसिंग दड़ा, बालवाड़ी स्कूल होते हुए, खाण्डा फलसा, सिवांची गेट होते हुए जालोरी गेट मुख्य चौराहे पर सम्पन्न हुआ।
इस दौरान लाउड़ स्पीकर से कर्फ्यू के चलते घरों से बाहर न निकलने, शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने आदि की अपील की गई।इस नम्बर पर दे सकते है
जानकारी शहर में उत्पन्न हालातों के दौरान हुई क्षति के संबंध में प्रभावित शहरवासी जिला कलेक्ट्रेट के सहायता प्रकोष्ठ के फोन नम्बर एवं ई मेल आईडी पर जानकारी प्रदान कर सकते हैं।जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता ने बताया कि इसके लिए फोन नम्बर 0291-2650519 पर कॉल कर जानकारी दी जा सकती है। इस बारे में ई मेल आई डी – femine.jodhpur@gmail.com पर क्षति से संबंधित साक्ष्य के फोटो व जानकारी भिजवाई जा सकती है।