IAS अफसरों की कमी से जूझ रहा हरियाणा, नहीं भरे जा रहे स्‍टेट कोटे के पद; जल्‍द ही दो और अधिकारी होंगे रिटायर्ड

हरियाणा आइएएस की कमी से जूझ रहा है। वहीं इस महीने भी दो आइएएस अधिकारी सेवानिवृत्‍त होने वाले हैं। इस साल अभी तक सात आइएएस अधिकारी रिटायर हो चुके हैं जिनमें सीनियर आइएएस राजेश खुल्लर महावीर सिंह अरुण कुमार वजीर सिंह गोयत विनय सिंह जगदीप सिंह और धर्मवीर सिंह शामिल हैं। सीएमओ के अफसरों को भी सरकार ने विभागों की जिम्मेदारी दी हुई है।

हरियाणा की ब्यूरोक्रेसी आइएएस अफसरों की कमी से जूझ रही है। इस महीने दो और आइएएस अधिकारी सेवानिवृत्त हो जाएंगे। फरीदाबाद के मंडलायुक्त विकास यादव और कैथल के उपायुक्त जगदीश शर्मा 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जबकि ललित कुमार भी 30 नवंबर को रिटायर हो जाएंगे।

सात आइएएस हो चुके हैं सेवानिवृत्त:- 

इस साल अभी तक सात आइएएस अधिकारी रिटायर हो चुके हैं, जिनमें सीनियर आइएएस राजेश खुल्लर, महावीर सिंह, अरुण कुमार, वजीर सिंह गोयत, विनय सिंह, जगदीप सिंह और धर्मवीर सिंह शामिल हैं। इस महीने दो और आइएएस अधिकारियों की रिटायरमेंट से प्रशासनिक कार्यों के लिए आइएएस अधिकारियों की कमी बढ़ने वाली है। स्थिति यह है कि वर्तमान में ज्यादातर सीनियर आइएएस अधिकारियों के पास तीन से चार विभागों का जिम्मा है।

सीएमओ के अफसरों को सरकार ने विभागों की दी जिम्मेदारी:- 

सीएमओ के अफसरों को भी सरकार ने विभागों की जिम्मेदारी दी हुई है। राज्य में आइएएस की काडर संख्या 215 है, लेकिन वर्तमान में 170 ही कार्यरत हैं। इनमें तीन और अधिकारी रिटायर होने के बाद इनकी संख्या 167 रह जाएगी। जो कार्यरत हैं, उनमें भी 15 आइएएस डेपुटेशन पर बाहर हैं। सरकार चाहे तो 20 आइएएस और बढ़ सकते हैं, क्योंकि स्टेट सर्विस कोटे के एचसीएस-नान एचसीएस अफसरों के प्रमोशन के 20 पद अभी रिक्त हैं।

एचसीएस कर सकती है अफसरों का प्रमोशन:- 

सरकार इन पदों पर एचसीएस अफसरों का प्रमोशन कर सकती है, लेकिन लंबे समय से यह पदोन्नतियां नहीं हो पा रहीं। दरअसल आइएएस के 67 प्रतिशत पद सीधी भर्ती तो करीब 33 प्रतिशत पदोन्नति के आधार पर भरने का प्रविधान है। इस तरह प्रदेश में आइएएस के 66 पद पदोन्नति से भरे जाते हैं, लेकिन आइएएस की भारी कमी के बावजूद पदोन्नति से भरे जाने वाले 20 पद लंबे समय से खाली हैं।

योग्य एचसीएस की प्रमोशन की प्रक्रिया का हर साल प्रविधान है, पर हरियाणा में सात वर्ष से कोई प्रमोशन नहीं की गई। एचसीएस की आठ वर्ष की सर्विस पूरी होने और उसमें पांच साल की एसीआर अच्छी होने पर वह अफसर आइएएस बनने के योग्य हो जाता है। प्रदेश में ऐसे 90 एचसीएस अफसर हैं, जो यह योग्यता पूरी करते हैं।

यह अधिकारी चल रहे केंद्र में डेपुटेशन पर:-

विवेक जोशी, श्रीकांत वाल्गद, अभिलक्ष लिखी, दिप्ती उमाशंकर, सुकृति लिखी, नीरजा शेखर, श्यामल मिश्रा, राकेश गुप्ता, नितिन कुमार यादव, सीजी रजनीकांथन, विजय कुमार, विनय प्रताप सिंह, पंकज यादव, निखिल गजराज, शरणदीप कौर बाक्स तीन अधिकारी एक साल से स्टडी लीव पर, धर्मेंद्र सिंह 15 मई से चल रहे निलंबित विदेश गईं आशिमा बराड़ पिछले साल पांच सितंबर से अवकाश पर चल रही हैं और आगामी आठ अक्टूबर के बाद लौटेंगी।

मनदीप सिंह बराड़ छह अक्टूबर के बाद ड्यूटी पर लौटेंगे:- 

विदेश में स्टडी के लिए पिछले साल 10 सितंबर से अवकाश पर चल रहे मनदीप सिंह बराड़ छह अक्टूबर के बाद ड्यूटी पर लौट आएंगे। इसी तरह चंद्रशेखर खरे स्टडी के लिए पिछले साल 25 जुलाई से अवकाश पर हैं और 18 मई 2024 तक विदेश में ही रहेंगे। धर्मेंद्र सिंह 15 मई से निलंबित चल रहे हैं। राहत की बात यह कि एक मार्च से अवकाश पर चल रहीं संगीता तेतरवाल पहली सितंबर से काम पर लौट आईं हैं।

हरियाणा को सीधी भर्ती से कब मिले कितने आइएएस

वर्ष                                               आइएएस

2017                                               4

2018                                               5

2019                                               8

2020                                               5     

2021                                               7

2022                                               6

× Chat with Us!