कांग्रेस पर भड़के हरियाणा के गृह मंत्री:अनिल विज बोले- मूर्ख बनाओ-राज करो, कांग्रेस की पाठशाला में पढ़ाया और सिखाया जाता है

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस पर बयानी प्रहार करते हुए कहा कि लोगों को गुमराह करके मूर्ख बनाओ और राज करो, यह कांग्रेस की पाठशाला में पढ़ाया व सिखाया जाता है और कांग्रेस की यही संस्कृति है। विज ने कहा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ही नहीं, पूरे देश में कांग्रेस यही कर रही है। कांग्रेस द्वारा बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाने, निशुल्क बिजली देने, गैस सिलेंडर का दाम कम करने के बारे में पूछे गए सवाल पर गृहमंत्री ने कहा कि जब पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा सत्ता में थे, तब उन्हें बुजुर्ग नजर नहीं आए, गैस सिलेंडर के दाम नजर नहीं आए। अब निशुल्क बिजली देने जैसी बातें इत्यादि यह कांग्रेस की पाठशाला में पढ़ाया व सिखाया जाता है। 

कांग्रेस ने देश के टुकडे़ किए: विज:-

विज ने कहा कि इन्होंने (कांग्रेस) ही देश के टुकड़े किए हैं, ये तो हत्यारी कांग्रेस है। जब देश का बंटवारा हुआ तो लाखों लोगों का कत्ल हुआ। करोड़ों लोग बेघर हुए, महिलाओं की अस्मत के साथ खेला गया। कन्हैया कुमार जो टुकडे़-टुकड़े होंगे, के नारे लगाता था। उसके व कांग्रेस का ब्लड ग्रुप एक ही है।

संविधान को देश के चुने हुए लोगों ने बनाया: विज :- 
विज ने कहा कि अज्ञानियों की बातों का संज्ञान नहीं लेना चाहिए। संविधान को देश के चुने हुए लोगों द्वारा बनाया गया है। यह (संविधान) पार्लियामैंट में बनाया जाता है और पार्लियामेंट में चुने हुए प्रतिनिधि बैठते हैं।

उन्हें (भगवंत सिंह मान) हर चीज में नोट नजर आते है: विज:- 
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा दिए गए बयान कि नोटों का रंग प्रधानमंत्री की जैकेट जैसा है, के संबंध में पूछे गए प्रश्न का उत्तर देते हुए गृहमंत्री ने कहा कि उन्हें (भगवंत सिंह मान) हर चीज में नोट नजर आते हैं, कौन किस रंग की जैकेट पहन रहा है, वे उससे नोट का मिलान करते है, उनकी सोच समझ व पार्टी में हर वक्त नोट रहते हैं। उन्होंने कहा कि उनके (भगवंत सिंह मान) मैंटर केजरीवाल के साथी जेल में हैं।

लेह-लद्दाख में सेना की गाड़ी का सड़क हादसा दुखद: विज:- 
लेह-लद्दाख में सेना की गाड़ी के सड़क हादसे के बारे में कहा कि जो जांबाज शहीद हुए हैं, उनमें हरियाणा के जांबाज भी शामिल हैं। एक जांबाज तो ऐसा है, जिसकी दस दिन पहले ही शादी हुई थी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है।

× Chat with Us!