गुजरात में आप और भाजपा ने जीती एक-एक सीट; केरल में कांग्रेस, बंगाल में TMC को बढ़त

चार राज्यों की पांच सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना जारी है। केरल की निलांबूर सीट पर कांग्रेस आगे है। ऐसे ही पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर आम आदमी पार्टी आगे चल रही है। गुजरात की कडी सीट पर भाजपा और विसावदर में आप उम्मीदवार ने जीत दर्ज कर ली है। बंगाल की कालिगंज सीट पर टीएमसी की अलिफा अहमद आगे चल रही हैं।

गुजरात, पंजाब, केरल और पश्चिम बंगाल की की पांच सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे सोमवार को जारी किए गए। गुजरात की दो सीटों में एक पर आम आदमी और एक पर भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली है। ऐसे ही पंजाब में आप, बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और केरल कांग्रेस उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। उपचुनाव 19 जून को कराए गए थे।

केरल की नीलांबूर सीट
यह सीट मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की अगुवाई वाली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) के लिए प्रतिष्ठा से जुड़ी मानी जा रही है। यह सीट पीवी अनवर के इस्तीफे से खाली हुई थी। शुरुआत में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के उम्मीदवार आर्यदान शौकत को बढ़त मिलती दिख रही है। भाजपा की तरफ से एडवोकेट मोहन जॉर्ज मैदान में हैं, वहीं LDF ने एम. स्वरोज को उतारा है। इस सीट पर प्रियंका गांधी भी प्रचार कर चुकी हैं।

पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट
यह सीट आप विधायक गुरप्रीत गोगी की मौत के बाद खाली हुई थी। यहां से आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद और उद्योगपति संजीव अरोड़ा को शुरुआती बढ़त मिल रही है। कांग्रेस के भारत भूषण अशु दूसरे नंबर पर हैं, जबकि भाजपा के जीवन गुप्ता और अकाली दल के परुपकार सिंह भी मैदान में हैं। 14 राउंड की गिनती होनी है।

गुजरात की कडी विधानसभा सीट
कडी अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है, जो भाजपा  विधायक कर्सन सोलंकी के निधन के बाद खाली हुई। भाजपा के राजेंद्र चावड़ा ने उपचुनाव में जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने कांग्रेस के रमेश चावड़ा को 39452 वाटों से हराया। AAP के जगदीश चावड़ा तीसरे नंबर पर रहे।

गुजरात की विसावदर सीट

विसावदर सीट पर आम आदमी पार्टी के पूर्व राज्य अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने भाजपा उममीदवार किरीट पटेल को 17554 वोटों से हराया। यह सीट आप विधायक भूपेंद्र भायाणी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। कांग्रेस उममीदवार के नितिन रणपरिया तीसरे नंबर पर रहे। भाजपा यहां 2007 से जीत नहीं दर्ज कर पाई है।
बंगाल की कालीगंज सीट
यह सीट टीएमसी विधायक नसीरुद्दीन अहमद के निधन से खाली हुई थी। उनकी बेटी अलिफा अहमद टीएमसी से चुनाव लड़ रही हैं और बढ़त में हैं। कांग्रेस के काबिल शेख और भाजपा के आशीष घोष भी मैदान में हैं। यह सीट मुस्लिम बहुल इलाका है और अगले साल के बंगाल चुनाव से पहले टीएमसी-भाजपा के लिए अहम मानी जा रही है।