गर्मी से सोमवार को राहत रही। दोपहर तक मौसम में बदलाव होता रहा। कभी धूप निकली तो कभी बादल छाए रहे। दोपहर बाद बादल छाने और फिर शाम को बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की। अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस सप्ताह में गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। आने वाले 21 और 22 जून को कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवा भी चल सकती है। बीते सप्ताह में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस तक चला गया था। इससे गर्मी बढ़ गई थी।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में 18 जून तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से बीच-बीच में हवा में बदलाव और आंशिक बादलवाई आने व धूलभरी हवा चलने के आसार हैं। इसके साथ ही राज्य में 19 जून से प्री-मानसून हवा के आने की संभावना बन रही है। मौसम में फिर से बदलाव आने के आसार हैं। जिससे वातावरण में नमी बढ़ने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है।