श्रम विभाग के अधिकारियों के की समीक्षा बैठक, कहा- अफसर नियमों के अनुसार काम करें
श्रम विभाग में श्रमिकों के हित में कई कानून प्रभावी हैं लेकिन उनकी पालना नहीं की जा रही है, जो गलत है। सरकार गरीब व श्रमिकों के हितों की रक्षा करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है, इसके लिए विभाग के अफसरों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी पड़ेगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी सतर्क हो जाएं और नियमों के अनुसार काम करें। पंचकूला के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में सोमवार को श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश के श्रम, ऊर्जा व परिवहन मंत्री अनिल विज ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
विज ने कहा कि श्रम विभाग में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की भ्रष्टाचार में संलिप्तता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि प्रदेश में श्रमिकों की समस्याओं का निस्तारण करने और उसके भलाई में कदम उठाएं गए पहलू पर काम किया जाए।
पत्रकारों से विज ने कहा-देश के लोगों ने कांग्रेस नाम की बीमारी को उखाड़कर फेंकने का फैसला कर लिया है। कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के 11 वर्षों में देश में क्षति होने वाले बयान पर विज बोले कि खरगे साहब की आंखें अब कमजोर हो गई है, क्योंकि सत्ता पाने के लिए वे अब अपने शरीर पर ध्यान नहीं दे पाते हैं। उनको देश का विकास नजर नहीं आता है। सिंधू के पानी पर विज बोले कि उस पानी पर देश का हक है, क्योंकि सिंधू का नाम ही हिंदू से है। कांग्रेस के नेताओं ने सिंधू का 80 फीसदी पानी पाकिस्तान को दे दिया था। कांग्रेस की विफलता से पीओके बना है, जो एक परेशानी बन गया है। विज ने कहा कि इंदिरा गांधी ने संविधान को पैरों तले रौंदकर देश में एमरजेंसी लगाई थीं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को पता चल चुका है कि आगामी बिहार व बंगाल के चुनावों में उनका सफाया तय है।