पंजाब BJP अध्यक्ष का बड़ा बयान:सुनील जाखड़ बोले- आज पंजाब और पंथ दोनों बेचैन; कई नकली सिख घूम रहे, करनी होगी पहचान

पंजाब लोकसभा चुनाव नजदीक होने के चलते सभी सियासी दलों ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी बीच पंजाब भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब और पंथ दोनों बेचैन हैं। पंजाब में कई नकली सिख घूम रहे हैं, असली-नकली की पहचान करनी होगी।

रैलियां और बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा कर रहे सुनील:-
सुनील जाखड़ ने कहा कि आज पंजाब को लीडरशिप की जरूरत है। जाखड़ के इस बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं। उन्होंने AAP की मान सरकार और शिरोमणि अकाली दल दोनों पर एक साथ निशाना साधा है। जाखड़ इन दिनों रैलियों को संबोधित करने समेत बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा करके लोगों से बातचीत कर रहे हैं।

जाखड़ पंजाब को मुसीबत में डालने के आरोप प्रदेश की मान सरकार पर लगा चुके हैं। साथ ही वह उनके खिलाफ बोलने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को भी सीमा में रहने की चेतावनी दे चुके हैं।

लोकसभा चुनाव में AAP-कांग्रेस एकसाथ:-
इससे पहले सुनील जाखड़ कह चुके हैं कि लोकसभा चुनाव 2024 के लिए AAP और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग पर बातचीत जारी है। उन्होंने दोनों दलों का गठबंधन होने की बात कही है। यह भी दावा किया है कि कांग्रेस के नेता मंत्री पद पाना चाहते हैं। साथ ही विजिलेंस कार्रवाई को बंद करवाने के लिए भी बातचीत की जा रही है। हालांकि, सुनील जाखड़ कह चुके हैं कि यदि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विजिलेंस कार्रवाई बंद की तो उनका भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा बेमानी साबित होगा।

× Chat with Us!