पूर्व गृह मंत्री एवं हरियाणा के लगातार तीसरी बार मंत्री बने अनिल विज ने राजनाथ सिंह व मनोहर लाल खट्टर से हरियाणा के कई अहम विषयों पर चर्चा की|
अंबाला। (ज्योतिकण): हरियाणा के पूर्व गृह मंत्री और हरियाणा बनने के बाद पहली बार लगातार तीसरी बार कैबिनेट मंत्री बनने का सौभाग्य पाने वाले अनिल विज आज देश के रक्षा मंत्री व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे राजनाथ सिंह व देश के ऊर्जा मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से दिल्ली उनके आवास पर मिले। अनिल विज ने राजनाथ सिंह व मनोहर लाल खट्टर को फूलों का गुलदस्ता देकर उनका सम्मान किया और दोनों केंद्रीय मंत्रियों से तकरीबन अलग अलग दो-दो घंटे मुलाकात की।
अनिल विज ने राजनाथ सिंह से अंबाला छावनी के डोमेस्टिक एयरपोर्ट को लेकर चर्चा की और जल्द ही एयरपोर्ट शुरू होने की बात कही। वहीं राजनाथ सिंह ने भी अनिल विज द्वारा हरियाणा में की जा रही मेहनत पर उनकी पीठ थपथपाई और राजनाथ सिंह ने अनिल विज को हरियाणा में भाजपा का योद्धा बताया और अनिल विज को जमीन का लीडर बताया और कहा कि अनिल विज हर वक्त जनता के बीच रहते हैं जिससे सरकार व भाजपा को मजबूती मिलती है। देश के पूर्व गृह मंत्री व वर्तमान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अनिल विज भारतीय जनता पार्टी के एक ऐसे हीरे हैं जिससे पार्टी हरियाणा में चमक रही है और राजनाथ सिंह ने कहा कि पार्टी और केंद्र सरकार में अनिल विज का पूरा सम्मान है।
राजनाथ सिंह को मिलने के बाद अनिल विज हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के निवास पर पहुंचे और उनसे हरियाणा की राजनीति को लेकर कई अहम मामलों पर चर्चा हुई। मनोहर लाल खट्टर ने अनिल विज को एक दूरदर्शी नेता और भाजपा का हरियाणा में थिंक टैंक बताया और जनता का नेता बताया। मनोहर लाल खट्टर से कुछ बातें ऐसी हुई बताई जाती हैं जो खट्टर व अनिल विज ने निजी तौर पर सांझी की। ज्ञात रहे मनोहर लाल खट्टर ने ही खट्टर टू सरकार में गृह मंत्री बनाया था और अनिल विज ने बतौर गृह मंत्री न केवल जनता को जस्टिस दिया बल्कि हरियाणा की पौने तीन करोड़ की जनता में हरियाणा पुलिस का विश्वास बढ़ाया था।