मंत्री अनिल विज ने अंबाला-चंडीगढ़ के बीच मेट्रो ट्रेन चलाने की योजना को लेकर केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से हाल ही में मुलाकात की। उन्होंने मेट्रो ट्रेन को चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के विकास की जरूरत बताया है।
हरियाणा के ऊर्जा व परिवहन मंत्री अनिल विज ने अंबाला-चंडीगढ़ के बीच मेट्रो ट्रेन चलाने की योजना को लेकर केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से हाल ही में मुलाकात की। पत्रकारों से बातचीत में विज ने बताया कि चंडीगढ़, जो हरियाणा और पंजाब की साझा राजधानी है और केंद्र शासित प्रदेश है। वहां रोजाना हजारों लोग कामकाज और व्यापार के लिए हरियाणा व पंजाब से आते-जाते हैं। चंडीगढ़ पहुंचने के लिए एकमात्र सड़क मार्ग पर भारी यातायात के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है इसलिए हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के विकास के लिए मेट्रो ट्रेन की जरूरत है।
मेट्रो परियोजना की प्रगति और योजना
अनिल विज ने बताया कि केंद्रीय मंत्री के साथ मेट्रो मार्गों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि मोहाली हवाई अड्डे को भी मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने का प्रस्ताव विचाराधीन है। विज ने इस परियोजना को एक बीज की संज्ञा देते हुए कहा कि मेट्रो रेल की नींव रख दी गई है। जैसे बीज बोने के बाद खाद और पानी देकर पेड़ को बड़ा किया जाता है, वैसे ही मेट्रो परियोजना के लिए पहला कदम उठा लिया गया है
भारत का बढ़ा वैश्विक सम्मान
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान ‘द ऑनररी क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकरियस-III’ से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि यह सम्मान देश के 140 करोड़ लोगों के लिए गर्व का विषय है। विज ने बताया कि नरेंद्र मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं, जिन्हें कई देशों से उनके सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की विदेश नीति के कारण भारत का वैश्विक सम्मान बढ़ा है, और यह सम्मान उसी का परिणाम है।
रॉबर्ट वाड्रा की अदालत में पेशी को लेकर कांग्रेस द्वारा इसे राजनीति से जोड़ने के मुद्दे पर हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश की संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं है। कांग्रेस किसी योजनाबद्ध तरीके से इन संस्थाओं को ध्वस्त करना चाहती है, जबकि किसी भी प्रजातांत्रिक देश के लिए यह ताकत है और कांग्रेस के दिमाग में हमेशा तानाशाही रही है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान विज ने कहा कि कांग्रेस ने देश में इमरजेंसी लगाई, देश में 192 बार धारा 356 लगी है, यानी विधिवत रूप से चुनी सरकारों को भंग किया गया है। इनमें से अधिकतर कांग्रेस ने लगाई हैं। भारतीय जनता पार्टी की पिछले 11 सालों में सरकार है और हमने एक बार भी ये धारा नहीं लगाई क्योंकि भारतीय जनता पार्टी प्रजातांत्रिक पार्टी है और कांग्रेस तानाशाही पार्टी है।