केरल के कोच्चि से दिल्ली आ रही इंडिगो के विमान की नागपुर में आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी है। विमान को बम की धमकी मिलने के बाद एहतियातन यह कदम उठाया गया। विमान सुरक्षित तरीके से लैंड कर गया है। यात्रियों को विमान से उतारकर जांच की जा रही है। फिलहाल विमान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। जानकारी के मुताबिक, विमान 6E-2706 कोच्चि से सुबह 9.11 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। इसका दिल्ली में लैंड करने का समय दोपहर 12.35 बजे था। इस बीच दो घंटे 43 मिनट हवा में रहने के बाद विमान को सुबह 11.54 बजे नागपुर में उतारा गया|
अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला
डीसीपी नागपुर लोहित मतानी ने बताया कि बम की धमकी मिलने के बाद मस्कट-कोच्चि-दिल्ली से उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 2706 को नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। सभी यात्रियों को उतार दिया गया है। जांच जारी है। अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।