हमलावरों ने पुरानी रंजिश में किशोर पर किया हमला, सीने में मारे चाकू, जयमल की हुई मौत

पुरानी रंजीश में हमलावरों ने एक लड़के पर हमला कर दिया और उसके सीने में चाकू मारकर उसको मौत के घाट उतार दिया। मृतक लड़का परिवार का एकमात्र सहारा था और मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था।

गांव थेह मुकेरियां में शुक्रवार रात एक 17 साल के लड़के पर पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने चाकू और डंडों से हमला कर दिया। लड़के की पहचान जयमल के तौर पर हुई है। हमलावरों ने जयमल के सीने पर कई बार चाकू मारे, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, जिसके बाद हमलावर भाग निकले। परिजन जयमल को पटियाला के राजेंद्रा अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुरानी रंजिश में हत्या का शक
मृतक जयमल गांव थेह मुकेरियां का निवासी था। परिजनों के अनुसार, जयमल की सन्नी और विक्की नाम के दो युवकों से पुरानी रंजिश थी। शुक्रवार रात इन्हीं दोनों ने जयमल को स्कूल के पास बुलाकर हमला किया। गुहला पुलिस को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि, हत्या के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

जांच में जुटी पुलिस 
गुहला थाना एसएचओ विजेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है। जयमल के शव का पटियाला में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस सन्नी और विक्की की तलाश में छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।

जयमल था परिवार का एकमात्र सहारा 
बता दें कि मृतक लड़के परिवार में उसकी मां, पिता और एक बहन हैं। पिता और बहन शारीरिक रूप से अक्षम हैं। जयमल मजदूरी कर परिवार का एकमात्र सहारा था। उसकी मौत से परिवार में शोक है।