मुझे काम करने का शौक़ है उद्घाटन करने का नही: निर्मल सिंह

मुझे काम करने का शौक़ है उद्घाटन करने का नही: निर्मल सिंह: अंबाला शहर:- बरसात का मौसम शुरू हो चुका है और अंबाला शहर एक बार फिर जलभराव की आशंका की ज़द में है। ऐसी स्थिति में शहर के विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी निर्मल सिंह ने अम्बाला शहर की जमीनी स्थिति का जायज़ा लेते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ जल निकासी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और मौक़े पर ही ज़रूरी दिशा-निर्देश दिए।

अंबाला शहर के साहिल कक्कड़ भाजपा के मीडिया प्रमुख बने

भाजपा के वरिष्ठ व वफादार नेताओं को धकेल दिया मंदीप राणा ने हाशिया पर

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्हें न तो उद्घाटन करने का शौक़ है और ना ही फीता काटने का। उनका प्राथमिक उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान और सेवा है।

उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर वाटिका ड्रेन,मनमोहन नगर ड्रेन, शंभु टोल प्लाज़ा ड्रेन और घेल ड्रेन का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि कई नालों की सफ़ाई पूरी नहीं हुई है और जल निकासी की स्थिति अब भी संतोषजनक नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि यदि मानसून के दौरान यही हालात रहे तो शहर को फिर से जलभराव का सामना करना पड़ेगा।

इस अवसर पर निर्मल सिंह ने कहा, “यह समय प्रचार या प्रतीकात्मक कामों का नहीं है। मैंने हमेशा से कार्य करने को प्राथमिकता दी है, न कि मंचों पर फीता काटने या तस्वीरें छपवाने को। जनता ने मुझे सेवा के लिए चुना है, और मैं इस ज़िम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाऊँगा।”

निर्मल सिंह की विधानसभा में उठाई गई आवाज़ और प्रशासन के समक्ष रखी गई मांगों का असर अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिख रहा है। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया है कि अम्बाला शहर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु ₹18.27 करोड़ की लागत से चार नई स्थायी जल निकासी इकाइयाँ स्थापित की जाएंगी। यह इकाइयाँ दशमेश मार्केट,जडोत रोड,जलबेड़ा रोड और साउथर्न डिस्पोज़ल क्षेत्रों में लगाई जाएंगी। इनकी कुल जल वहन क्षमता 74 क्यूसेक होगी और इन्हें मार्च 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया है।

इसके अतिरिक्त ₹2 करोड़ की लागत से अम्बाला शहर में वर्षा जल निकासी हेतु परामर्श योजना तैयार की जा रही है, जिसकी फ़ाइल आगामी बैठक में प्रस्तुत की जाएगी। यह योजना न केवल तकनीकी दृष्टिकोण से समाधान देगी, बल्कि सामाजिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक ढांचा भी तैयार करेगी।

विधायक निर्मल सिंह ने कहा कि पिछले वर्षों में अम्बाला शहर ने बाढ़ और सीमा बंदी के कारण जो आर्थिक और सामाजिक नुकसान झेला है, उसे दोहराने की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर के रेल अंडरपास, मुख्य नाले, जल निकासी मार्ग और बाईपास जैसे क्षेत्रों में सफाई का काम समय रहते होना अनिवार्य है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

पिछली बार की तरह यदि बारिश के साथ बाढ़ आई तो व्यापार,आम जनजीवन और शहर की व्यवस्था एक बार फिर प्रभावित होगी। इसे रोकना अब हमारी प्राथमिक ज़िम्मेदारी है।

यह संपूर्ण प्रयास अंबाला शहर को जलभराव की बार-बार सामने आने वाली समस्या से स्थायी रूप से राहत देने की दिशा में एक ठोस क़दम है।निर्मल सिंह ने स्पष्ट किया कि वे हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े हैं और जनहित में कार्य करते रहेंगे।