चंडीगढ़ में भी अहमदाबाद जैसा विमान हादसा हो सकता था। सैकड़ों लोगों की जान दांव पर थी, लेकिन इससे पहले ही विमान को टेक ऑफ करने से रोक दिया गया और फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया।
अहमदाबाद विमान हादसे के बाद हवाई यात्रियों की सुरक्षा बड़ा सवाल बन गया है। एयर इंडिया की तरफ से कई उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। वहीं अब चंडीगढ़ में सुरक्षा के लिहाज से इंडिगो की फ्लाइट को कैंसिल किया गया है।
चंडीगढ़ स्थित शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रविवार सुबह 8 बजे लखनऊ जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-146 को तकनीकी खराबी का हवाला देकर रद्द कर दिया गया। विमान में 160 यात्री सवार थे। फ्लाइट रद्द होने के बाद सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतारा गया। एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने केवल तकनीकी खराबी का हवाला दिया है। हालांकि एयरलाइन कंपनी की ओर से इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई।
जानकारी के अनुसार चंडीगढ़-लखनऊ फ्लाइट उड़ने को तैयार थी। टेकऑफ से पहले ही पायलट को तकनीकी खराबी का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत विमान को रोक दिया। इस संदर्भ में इंडिगो ने अपने यात्रियों को फ्लाइट कैंसिल का मैसेज भेजा। फ्लाइट के अचानक कैंसिल होने से यात्री परेशान हो गए। इसके बाद एयरलाइन ने कुछ यात्रियों को सड़क मार्ग से उनके गंतव्य भेजा तो कुछ को दूसरी कनेक्टिंग फ्लाइट से भेजने का इंतजाम किया गया। जो आज नहीं जा पाए उनके ठहरने का भी इंतजाम किया गया है। विमान में किस तरह की तकनीकी खराबी आई, अभी इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कहा कि जांच के बाद ही इसका पता चल पाएगा। गौरतलब है कि अहमदाबाद विमान हादसे के बाद से यात्रियों को लगातार फ्लाइट में तकनीकी खामियों की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।