जून के कुछ ही दिन शेष हैं। अब धीरे-धीरे मानसून सक्रिय होने लगा है। शुक्रवार को भी दिनभर बादल छाए रहे। मौसम विभाग की मानें तो दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले तीन से चार दिनों में हरियाणा अग्रिम रूप से दस्तक देगा।
इससे बारिश की संभावना बन गई है। अक्सर जून के अंतिम दिनों में दक्षिण पश्चिम मानसून आता है। मौसम विभाग ने 21 से 26 जून तक बारिश की संभावना जताई है, जबकि 22 जून को भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश से ज्यादा गर्मी से निजात मिल सकती है, वहीं बारिश धान की रोपाई के लिए भी फायदेमंद है। बारिश होते ही सीजन तेजी पकड़ेगा।
सुबह बूंदाबांदी, दिनभर उमस
शुक्रवार सुबह कुछ स्थानों पर बारिश हुई। इसके बाद शाम तक बादल छाने से उमसभरी गर्मी ने परेशान किया। जिससे दिनभर पसीने छूटे रहे। अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे के मुकाबले 3.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिले में कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हुई।
बारिश के लिए विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने 22 जून को हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसी तरह जगाधरी, नारायणगढ़ और पंचकूला में बिजली गरजने के साथ ही तेज हवा चल सकती है और मध्यम बारिश के आसार हैं। इसके अलावा अंबाला, कालका, बराड़ा, जगाधरी, छछरौली में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवा चल सकती है।
आगे ऐसा रह सकता है मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 25 जून तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। अगले एक सप्ताह के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर भारत की ओर तेजी से बढ़ने की संभावना बन रही है। इसी कारण हरियाणा राज्य में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
इस दौरान 21 व 22 जून को कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। 23 से 25 जून के दौरान हवा व गरज-चमक के साथ राज्य में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश की भी संभावना भी बन रही है। इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट रहने और वातावरण में नमी की मात्रा अधिक रहने की संभावना बन रही है।