गुरु नानक देव जी द्वारा दिया गया उपदेश किसी विशेष वर्ग नहीं बल्कि पूरी मानवता के लिए था : गृह मंत्री अनिल विज
गुरुपर्व के पावन अवसर पर विज ने अम्बाला छावनी के कई गुरुद्वारों में माथा टेका
अम्बाला (ज्योतिकण न्यूज) : हरियाणा के गृह, स्वास्थ्य एवं स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज ने आज पहली पातशाही गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव पर अम्बाला छावनी के पंजाबी गुरुद्वारा, सुखमनी साहिब गुरुद्वारा, गुरुद्वारा गोबिंद नगर, गुरुद्वारा दयाल बाग, गुरुद्वारा दलीप गढ़ साहिब में शीश नवाकर सरबत के भले की दुआ की व साध संगत को गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव की बधाई दी। विज ने कहा गुरु नानक देव जी के उपदेश किसी विशेष वर्ग के लिए नहीं बल्कि पूरी मानवता के लिए था।
उन्होंने पूरे विश्व को अंधविश्वास से ऊपर उठकर ईश्वर की आराधना करने के लिए प्रेरित किया। विज ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षा आज पूरे विश्व में मील का पत्थर है और उनकी दी गई शिक्षा हमेशा मनुष्य के लिए सार्थक रहेगी। उन्होंने कहा गुरु नानक देव जी ने समाज में आपसी भाईचारा व सौहार्द बरकरार रखने की शिक्षा दी। अनिल विज ने कहा गुरु नानक देव जी एक धर्म या एक पंथ के नहीं बल्कि पूरे विश्व के हैं।