फ्रस्ट्रेटेड है कांग्रेस, सत्ता में रहते हुए देश के नहीं अपने बारे में सोचती रही : नायब सैनी

कांग्रेस फ्रस्ट्रेटेड हो चुकी है और इसके नेता कुछ भी बोल देते हैं। खुद राहुल गांधी को भी नहीं पता कि वे क्या बोल रहे हैं। वे कभी हरियाणा आकर कार्यकर्ताओं को तीन प्रकार के घोड़े बताते हैं तो कभी कहते हैं कि जीएसटी पांडवों के समय से है। यह चुटकी मुख्यमंत्री नायब सैनी ने ली। वे रविवार को कुरुक्षेत्र पहुंचे थे, जहां 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्यस्तरीय कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा की।

बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन के समय देश के बारे में सोचा तक नहीं। कांग्रेसियों ने गरीब व आम आदमी के लिए कुछ नहीं किया जबकि अपने लिए ही करते रहे। अपनी ही सुविधाएं बढ़ाते रहे। गरीब आदमी के बारे में सोचते कि उसे कैसे आगे बढ़ाया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीब व आम आदमी के बारे में सोचते हैं और वे नॉन स्टॉप इस देश को विकसित राष्ट्र बनाने में लगे हैं।मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि धर्मनगरी में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें एक लाख से ज्यादा लोग शामिल होंगेे जबकि प्रदेश के 10 लाख से ज्यादा लोग अपने-अपने क्षेत्रों में विभिन्न माध्यमों से इस आयोजन से जुड़ेंगे और नया रिकार्ड भी कायम करेंगे। आयोजन के लिए सभी तैयारी पूरी की जा रही है। पूरी तरह से व्यवस्थित रूप से यह आयोजन होगा, जिसमें पूरी दुनिया में योग का परचम लहरा चुके योग गुरु स्वामी रामदेव योग क्रियाएं कराएंगे।

पहले योग होगा फिर जलपान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश स्तरीय आयोजन के लिए हर व्यक्ति, संस्था, विभाग में विशेष उत्साह बना हुआ है। इस आयोजन को पर्व के रूप में मनाए जाने की तैयारी है। 21 जून को पहले योग होगा फिर जलपान होगा। योग दिवस पर योग युक्त हरियाणा नशा मुक्त हरियाणा थीम होगा।