हरियाणा में कोहरे से राहत: तेज हवाओं के कारण ठंड बरकरार, कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना

हरियाणा में चल रही तेज हवाओं के कारण ठंड बनी हुई है, लेकिन सुबह से ही धूप खिली हुई है। जिसके कारण लोगों थोड़ी राहत जरूर मिली है। वहीं, कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 13 व 14 को मौसम में बदलाव होने की संभावना है।

हरियाणा में लोगों को कोहरे से राहत मिली है। क्योंकि सुबह से ही धूप खिली, हालांकि ठंडी हवाएं चलती रही। इससे मौसम में ठंडक बनी हुई है। अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री व न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री रहना संभावित है। वहीं, सोनीपत में धूप खिलने के बावजूद शीतलहर से न्यूनतम तापमान लगातार कम हो रहा है। शुक्रवार को भी सुबह से ही 16 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चल रही हवाओं के कारण ठंडक बनी रही। न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। वीरवार को न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री दर्ज किया गया था।

इधर, बहादुरगढ़ में हवा की गति धीमी हो गई है। इससे तापमान भी बढ़ गया है। अधिकतम तापमान 23 डिग्री तो न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। प्रदूषण में भी कमी आई है। शुक्रवार को एक्यूआई हरे रंग में 82 पर दर्ज किया गया। 13 फरवरी से मौसम में बदलाव की संभावना व्यक्त की गई है। 14 को हल्की बारिश हो सकती है।

झज्जर में सुबह से धूप खिली हुई है, लेकिन न्यूनतम तापमान कम हो रहा है। शुक्रवार सुबह 10 किलोमीटर प्रतिघंटे कि रफ्तार से हवाएं चली। शीतलहर ने ठंड का अहसास करवाया। अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम  5 डिग्री दर्ज किया गया।

नारनौल में क्षेत्र में मौसम साफ होते ही न्यूनतम तापमान में गिरावट होनी शुरू हो गई। बीते दिनों जहां 11 डिग्री सेल्सियस के पास न्यूनतम तापमान पहुंच गया था, वहीं शुक्रवार को 8 डिग्री के पास दर्ज किया गया। शुक्रवार सुबह से शीतलहर चल रही है। 12 फरवरी को कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 13 व 14 को मौसम में बदलाव होने की संभावना है

वहीं, जींद में शुक्रवार को अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। उच्च तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हवा की गति तीन किलोमीटर प्रति घंटा तथा हवा में नमी की मात्रा 60% दर्ज की गई।

कुरुक्षेत्र में सुबह से ही धूप खिली हुई है लेकिन शीतलहर लगातार जारी है। जिसके चलते धूप का भी ज्यादा असर नहीं हो रहा है। 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही शीत लहर ने ठंड बढ़ा दी है। अधिकतम तापमान 18 डिग्री तो न्यूनतम 6 डिग्री तक दर्ज किया गया है। कृषि विज्ञान केंद्र में तैनात मौसम वैज्ञानिक डॉ ममता सिंह के मुताबिक अगले कई दिन ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।

करनाल में सुबह से धूप खिली हुई है। हालांकि हवा में ठंडक है लेकिन लोगों को राहत मिली है।

अंबाला में सुबह से धूप खिलने से ठंड से राहत मिली। सुबह से ही ठंडी हवा भी चली। अगले दो दिन मौसम साफ रहने की संभावना है।