खेल विभाग को ही नहीं पता है कि उनके यहां कितने खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसका खुलासा जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) में खेलो इंडिया का डाटा पेश करते हुए हुआ।
खेल विभाग की इस कमी को किसी और ने नहीं बल्कि खुद राज्य सभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने जिला खेल अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, खेलों को बढ़ावा देने के लिए केंद्र की योजना खेलो इंडिया संचालित होती है। इस याेजना के तहत खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान करना और पूर्व चैंपियन खिलाड़ियों को आजीविका का स्थाई स्रोत उपलब्ध कराना है।
दिशा की बैठक में सांसद समीक्षा कर ही रहे थे कि एजेंडा में उनकी नजर विभाग द्वारा दी गई जानकारी पर पड़ी। जिसमें लिखा था कि जिला अंबाला में एथलेटिक्स खेल का खेलो इंडिया लघु केंद्र राजीव गांधी स्टेडियम सेक्टर 10 अंबाला शहर में चल रहा है। इस केंद्र में 35 से 40 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं।
विभाग को सही आंकड़ा नहीं पता
राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय ने इसी बात पर सवाल खड़ा किया कि इस एजेंडा को समिति के उच्चाधिकारी देखते हैं। इसके बावजूद विभाग जानकारी देने में गंभीर ही नहीं है। उन्हें पता ही नहीं है कि खेल स्टेडियम में असल में कितने खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। अगर पता होता तो अनुमान के आधार पर 35 से 40 का आंकड़ा नहीं देते। बल्कि साफ तौर पर जानकारी देते कि केंद्र में इतने खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। बस इसी बात पर एजेंडा को गंभीरता से न लेने पर सांसद ने डीएसओ को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए हैं।