वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री कुमारी सैलजा रविवार को पंजाब के मशहूर गायक सिद्धू मूसेवाला के मानसा के गांव मूसा स्थित उनके निवास स्थान पहुंची।

(अम्बाला ज्योतिकण ) वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा रविवार को पंजाब कांग्रेस के नेता और मशहूर गायक सरदार शुभदीप सिंह सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर शोक व्यक्त करने पंजाब में मानसा के गांव मूसा स्थित उनके निवास स्थान पहुंची। उन्होंने मूसेवाला के निवास स्थान पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारजनों के साथ दुःख सांझा किया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इसके उपरांत कुमारी सैलजा ने कहा कि मूसेवाला एक बहुप्रतिभाशाली कलाकार थे। उन्होंने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर बड़ा मुकाम हासिल किया था। मूसेवाला का असामयिक और दुखद निधन संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा सत्ता संभालने के बाद पंजाब में बीते दो महीनों में कई लोगों की हत्या हो चुकी है। इस तरह से एक नामी गायक की सरेआम हत्या हो जाना पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था का जीता जागता उदाहरण है। आम आदमी पार्टी की सरकार कानून व्यवस्था बनाने और अपराधियों पर शिकंजा कसने में बिलकुल नाकाम साबित हुई है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि हत्या से एक दिन पहले ही पंजाब सरकार ने मूसेवाला की सुरक्षा वापस ली थी। पंजाब सरकार ने 400 से अधिक लोगों की सुरक्षा वापस ली और फिर उनके नाम सार्वजनिक कर दिए गए। ऐसा राजनीतिक लाभ लेने के मकसद से किया गया। ऐसा कर आम आदमी पार्टी की सरकार ने लोगों को निशाना बनाने के लिए अपराधियों को निमंत्रण दे दिया।

उन्होंने कहा कि सिद्धू मूसेवाला जी और उनके परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिलना चाहिए। सरकार इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दे।

इस दौरान पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, सरदार हरदेव रोशा, रामनिवास राड़ा, भूपेंद्र गंगवा, राजकुमार शर्मा, हरपाल बूरा, कृष्ण सातरोड, आनंद बियानी, सुभाष जौधपुरिया, अमरदीप बराड़, सुरेंद्र वर्तिया, मंगतराम लालवास, सुधीर गोदारा, अमरदीप सिंह बराड़, राजेश अंबरसर, फकीर चंद बंसल, राम सिंह सरदुलगढ़, केशव गोयल, जग्गा सिंह बराड़, गुरदीप गिल, लाडूराम पुनिया, हनुमान दास, सुरजीत भावदीन,
स्नेहलता, संतोष जून, कुणाल खोड़, नवदीप कंबोज, मोहित शर्मा, चंद्र मोहन, हरिकिशन, वरिंदर रंधावा, रणधीर सिंह, वीरेंद्र लालवास, कर्मवीर हुकमावली, अमन खोसा, देवराज हड़ोली, मनप्रीत बदलाना, राम रतन गैदर आदि मौजूद रहे।

× Chat with Us!